नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
मिलावटी खाद्य निर्माण पर छापेमारी, पनीर–मक्खन का नमूना संग्रह, परिसर सील
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो० मंजर हुसैन द्वारा आज दिनांक 30.11.2025 को पूर्णापानी, चुरचू स्थित अनिल सिंह के खाद्य परिसर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया मिलावटी पनीर एवं मक्खन निर्माण की पुष्टि हुई।
निरीक्षण के क्रम में संदिग्ध पनीर एवं मक्खन के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला, नामकुम भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कुल 1.3 क्विंटल मिलावटी पनीर, 40 लीटर मक्खन, तथा 10 किलो मक्का स्टार्च जब्त कर चरही थाना में सुरक्षित रखा गया है, जिसे जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नष्ट किया जाएगा।
अत्यधिक गंदगी में खाद्य पदार्थों के निर्माण तथा बिना FSSAI लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन के खाद्य कारोबार संचालित करने
जैसे गंभीर उल्लंघनों के कारण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत उक्त परिसर को अगले आदेश तक सील कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी प्रतिष्ठान से खराब गुणवत्ता या मिलावटी खाद्य सामग्री प्राप्त होती है,तो तुरंत ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करें। इस ऐप से विभाग को तत्काल सूचना प्राप्त होती है और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाती है।