उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर से उठी तेज बदबू के बाद ग्रामीणों ने दरवाजा खोला तो चारपाई पर खून से लथपथ, सड़ा-गला शव पड़ा मिला। मृतक मनोज के चेहरे पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे। कमरे में बिखरा खून, चारपाई के पास पड़ी लोहे की रॉड और शराब के खाली पैकेट साफ बताते हैं कि हत्या बेहद क्रूरता से की गई है।
पत्नी एक महीने से मायके में थी, मनोज अकेला रहता था। आखिरी बात शुक्रवार को हुई — इसके बाद फोन बंद। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में जमीनी विवाद की आशंका, लेकिन रंजिश, शराब पार्टी और जान-पहचान वाले की भूमिका को भी जांच में शामिल किया गया है। थाना प्रभारी अचलगंज द्वारा बताया गया पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की असली वजह और हमलावरों की संख्या का सुराग मिल सकता है। गांव में दहशत, कई संदिग्धों से पूछताछ जारी।
उन्नाव से संतोष कुमार की रिपोर्ट