नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
अन्नदा महाविद्यालय में IIM बैंगलोर के सहयोग से डेटा एनालिटिक्स कार्यशाला संपन्न
हज़ारीबाग:अन्नदा महाविद्यालय हज़ारीबाग में मेकइंटरन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) बैंगलोर के ई-सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सर्टिफिकेशन प्रोग्राम एवं हैंड्स-ऑन वर्कशॉप सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 11 दिसंबर 2025 को हुआ था।
उद्घाटन सत्र में मेकइंटरन एवं IIMB की ओर से आए विषय विशेषज्ञ श्री कृष्ण मोहन पांडेय का स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी तथा CCPC के समन्वयक डॉ. बिनीता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विषय विशेषज्ञ से डेटा एनालिटिक्स के विभिन्न पहलुओं पर गहन संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस कार्यशाला में बीबीए, पॉलिटिकल साइंस और बायोटेक विभाग के कुल 38 छात्रों ने भाग लिया। दो दिनों तक विद्यार्थियों को डेटा एनालिटिक्स के विभिन्न आयामों जैसे डेटा कलेक्शन, डेटा क्लीनिंग, विज़ुअलाइज़ेशन तथा उद्योग में डेटा आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया गया। हैंड्स-ऑन सत्र के माध्यम से छात्रों ने वास्तविक डेटा सेट पर कार्य कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया, जो उनके करियर विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दूसरे दिन, 12 दिसंबर को, विशेष सत्र के बाद सभी 38 विद्यार्थियों में से टेस्ट और इंटरव्यू के आधार पर पाँच सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में BBA विभाग से समीर अंसारी और प्रिंस कुमार अग्रवाल, BVoc विभाग से प्रत्युष शेखर, पॉलिटिकल साइंस विभाग से आर्यन बादल तथा बायोटेक विभाग से संध्या कुमारी शामिल हैं। ये सभी छात्र-छात्राएँ आगामी कार्यशाला में भाग लेने के लिए प्रतिष्ठित IIM बेंगलुरु जाएँगे।
समापन सत्र में प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान मांगों से जोड़ते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं। CCPC समन्वयक डॉ. बिनिता कुमारी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. बर्नांगो बनर्जी, डॉ. विवेक तथा अनीकेत कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।