फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शीतलहर और कड़ाके की ठंड से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी द्वारा व्यापक स्तर पर अलाव जलाने का अभियान चलाया जा रहा है। नगर पंचायत चेयरमैन इमराना बेगम के नेतृत्व में कस्बे के प्रमुख चौराहों, मेन बाजार, धार्मिक स्थलों तथा सभी वार्डों में जगह-जगह अलाव जलवाए गए हैं।
चेयरमैन इमराना बेगम एवं उनके पति मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू भाई के निर्देश पर मोहल्ला ठाकुर द्वारा, साहूकारा, माली मोहल्ला, लोधी नगर, भिटौरा, नई बस्ती, मोहल्ला सराय सहित कस्बे के सभी 15 वार्डों में अलाव की व्यवस्था की गई है। इससे सुबह-शाम ठंड से जूझ रहे नागरिकों, दुकानदारों एवं राहगीरों को काफी राहत मिल रही है।
चेयरमैन प्रतिनिधि हारून चौधरी ने बताया कि ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर पंचायत लगातार अलाव जलवाने का कार्य कर रही है। साथ ही दूर-दराज से आने वाले राहगीरों के लिए मोहल्ला भिटौरा स्थित पानी की टंकी के पास रैन बसेरा भी संचालित किया गया है, जहां रात्रि में रजाई-गद्दे, अलाव तथा भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि कस्बे के किसी भी क्षेत्र में अलाव की आवश्यकता होगी तो नगर पंचायत तत्काल वहां भी अलाव की व्यवस्था कराएगी। नगर पंचायत की इस मानवीय पहल की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली