जयपुर, 24 दिसंबर 2025: सांगानेर स्थित सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट, जयपुर में बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को विद्यालय के वार्षिक समारोह का अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “अस्तित्व – Journey from Zero to Zenith रही, जिसके माध्यम से मानव जीवन की शून्य से पूर्णता और अनंत तक की प्रेरक यात्रा को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने अस्तित्व, आत्मबोध, जीवन मूल्यों, अनुशासन, संतुलन एवं चेतना से जोड़ते हुए समग्र विकास की ओर प्रेरित करना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री नवीन कुमार जैन . राजस्थान सरकार के प्रमुख शासन सचिव, जनरल ऐड्मिनिस्ट्रेटिव डिपार्ट्मन्ट (GAD), मंत्रिमंडल, एस्टेट, स्टेट मोटर गैराज एवं नागरिक उड्डयन विभाग रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इस अवसर पर सुबोध शिक्षा समिति के गणमान्य व्यक्ति अध्यक्ष- श्री एन.आर. कोठारी , मानद सचिव- श्री एस. एस बोथरा, संयुक्त सचिव तथा कोषाध्यक्ष- श्री विनोद लोढ़ा एवं विद्यालय संयोजिका श्रीमती वीणा जामड द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शालिनी कपूर ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
वर्षभर की गतिविधियों के आधार पर-जल हाउस को ओवरऑल बेस्ट हाउस, पृथ्वी हाउस को बेस्ट इन स्पोर्ट्स, अग्नि हाउस को बेस्ट इन कल्चरल, तथा एक्सप्रेशन क्लब को रचनात्मक गतिविधियों हेतु सर्वश्रेष्ठ क्लब का पुरस्कार प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने नृत्य एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से मानव अस्तित्व विकास की यात्रा को प्रतीकात्मक रूप में मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुतियों में शून्य से पूर्णांक तक सभी अंकों के महत्व तथा उनसे जुड़े जीवन कौशल, आत्मविश्वास, निरंतरता, संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण को मानवीय संदर्भ में प्रभावी ढंग से दर्शाया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि श्री नवीन कुमार जैन ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, संतुलित जीवन, आत्मविश्वास एवं निरंतर नवाचार को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
जयपुर से ब्रजेश पाठक की रिपोर्ट