बरेली। कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला नौगवां निवासी चंद्रपाल सागर पुत्र स्वर्गीय रामदास का शव भोजीपुरा थाना क्षेत्र में अभयपुर–अगरास मार्ग पर एक पेड़ से लटका मिला। घटना गोपालपुर स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय के पास की है। पेड़ से लाश लटकी होने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर अजीतपुर के चौकीदार शम्मी लाल ने शनिवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
घटना स्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला नौगवां चंद्रपाल सागर के रूप में हुई है। मृतक चंद्रपाल सागर की ससुराल बरेली के हजियापुर मोहल्ले में है। बताया गया कि चंद्रपाल का अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था और पत्नी वर्तमान में मायके में रह रही है।
पुलिस ने मृतक का फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों पर प्रसारित किया। इसके बाद मृतक के परिवार वाले भोजीपुरा थाने पहुंचे। छोटे भाई हिमांशु ने फोटो देखकर अपने बड़े भाई चंद्रपाल के रूप में शव की शिनाख्त की।
हिमांशु ने पुलिस को बताया कि चंद्रपाल फतेहगंज पश्चिमी के नौगवां का निवासी था। उसका अपनी पत्नी से पिछले 20 वर्षों से विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ हजियापुर स्थित अपने मायके में रहती थी और चंद्रपाल उसे मासिक गुजारा भत्ता देता था।
चंद्रपाल फतेहगंज पश्चिमी में टैम्पो चलाकर अपना गुजारा करता था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, पत्नी और बच्चों के घर छोड़कर चले जाने तथा हर माह गुजारा भत्ता देने के कारण वह अवसाद में रहता था। इसी अवसाद के चलते वह शराब का आदी हो गया था। हिमांशु ने यह भी बताया कि चंद्रपाल ने एक माह पहले टैम्पो चलाना बंद कर दिया था और तभी से वह घर से लापता था।
परिजनों के अनुसार मृतक के बड़े भाई राजकुमार, छोटे भाई हिमांशु तथा चाचा सोमपाल बाहर नौकरी करते हैं, जिस कारण घर में अक्सर ताला लगा रहता है।
इस संबंध में थाना भोजीपुरा प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी निवासी चंद्रपाल सागर का शव पेड़ से लटका मिला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
पवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली