श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं ने बांध लिया सभी को, जयकारों से गूंजा आकाश
दुद्धी सोनभद्र। शनिवार को तहसील परिसर में चल रही रासलीला के छठवें दिन वृंदावन की रासबिहारी कलाकार मंडली द्वारा प्रथम पूजन एवं माखन चोर लीला का मनमोहक मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोकुल में माखन चुराकर गोपियों के साथ रास रचाने और अपनी बाल लीलाओं से सबको आनंदित करने की लीला का ऐसा सजीव चित्रण किया गया कि श्रद्धालु भाव-विह्वल हो उठे। कलाकारों ने संवाद, भाव-भंगिमा और संगीत के माध्यम से यह संदेश दिया कि भक्ति और सरलता से जीवन के हर संकट पर विजय प्राप्त की जा सकती है।
यह रासलीला वृंदावन के महंत श्री दाऊदयाल उपाध्याय जी के नेतृत्व में संचालित की जा रही है। मंचन के दौरान कथा व्यास द्वारा माखन चोर प्रसंग की महिमा, भक्तों की आस्था तथा श्रीकृष्ण की चंचलता, करुणा और संरक्षण भावना पर भी प्रकाश डाला गया। कथा में बताया गया कि जिस प्रकार श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं से गोकुलवासियों को आनंद प्रदान किया, उसी प्रकार भक्ति का आश्रय लेने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल पूर्व महामंत्री आलोक अग्रहरि ,संदीप गुप्ता सहित भारी संख्या में भक्तों की उपस्थिति रही। रात्रि 10 बजे तक चले इस धार्मिक आयोजन में माखन चोर लीला के हर प्रसंग पर जयघोष गूंजता रहा। उत्सव का जोश चरम पर रहा और श्रद्धालुओं ने इसे दिव्य एवं अलौकिक आध्यात्मिक अनुभव बताया।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)