दुद्धी सोनभद्र। माघ महीने का प्रमुख त्योहार मकर संक्रांति इस बार 15 जनवरी, मंगलवार को मनाए जाने की तैयारी जोरों पर है। बाजारों में चूड़ा-गुड़ की आवक तेज हो गई है। कस्बे के थोक व खुदरा दुकानदारों के पास चूड़े की विभिन्न किस्में उपलब्ध हैं।
चूड़ा व गुड़ की मांग मकर संक्रांति पर खासतौर पर बढ़ जाती है। ग्राहकों की डिमांड पूरी करने को कारोबारी पहले से स्टॉक तैयार कर लेते हैं। दुकानदारों का कहना है कि सभी वैरायटी का स्टॉक रखा जाता है, लेकिन बिक्री में मोटा चूड़ा सबसे आगे है। उनका तर्क है कि यह सबसे सस्ता होने से गरीब व मध्यमवर्गीय परिवार इसे पसंद करते हैं। हालांकि सामान्य दिनों में मोटा चूड़ा ज्यादा बिकता है, लेकिन संक्रांति पर मालभोग व कतरनी चूड़ा की चॉइस बढ़ जाती है।दूसरी ओर, सर्दी के मौसम में गुड़ की खपत स्वाभाविक रूप से बढ़ती है, लेकिन मकर संक्रांति पर यह और तेज हो जाती है। दुद्धी बाजार में गुड़ की अच्छी आवक हो रही है। चक्की, भेली सहित कई वैरायटी उपलब्ध हैं। फुटकर बाजार में गुड़ 50 से 80 रुपये किलो व जूड़ा लाई 50 60 रुपए किलो बिक रहा है। दुकानदार बता रहे हैं कि भूर्रा गुड़ के अलग-अलग वजन के पैकेट बनाकर बाजार में पहुंचाए जा रहे हैं, जिन्हें ग्राहक खूब पसंद कर रहे हैं।
बताते चलें कि मकर संक्रांति पर कनहर नदी तट पर प्राचीन विशाल मेला लगता है। इसमें स्थानीय, आसपास के क्षेत्रों व पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)