जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पलेरा।। स्मार्ट सिटी का सपना संजो रहे टीकमगढ़ जिले की तहसीलें एवं नगर पंचायतें बुनियादी सुविधाओं की जमीनी सच्चाई से अभी भी कोसों दूर है। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा विकसित किए गए पार्क अब उपेक्षा एवं अव्यवस्था का शिकार बन गए हैं। नगर की सबसे बड़ी जरूरत सार्वजनिक पार्कों की पूर्ति न हो पाने से आमजन का स्वास्थ्य एवं जीवनशैली दोनों प्रभावित हो रहे हैं। दरअसल नगर की वार्ड क्रमांक 11 में मरई माता मंदिर के पास बनाए गए पार्क की स्थिति बेहद खराब है। यहां पर घास कटी नहीं रहती एवं झाड़ियां बड़ी हुई हैं। ऐसे में पार्क की सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। ऐसे में लोहिया वाहिनी समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद सीएमओ को शिकायती आवेदन पत्र सौंपते हुए तत्काल कार्यवाही किए जाने की मांग की है। लोहिया वाहिनी सपा जिला अध्यक्ष यादव ने सीएमओ शिवि उपाध्याय को बताया कि पार्क में बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले एवं अन्य उपकरण भी बेहद खराब हो चुके हैं। इसके अलावा बुजुर्गों एवं नागरिकों के बैठने के लिए कुर्सियां भी खस्ताहाल हो चुकी हैं। इस स्थिति में सुबह शाम टहलने वाले नागरिक अब सड़कों के किनारे या कॉलोनी की गलियों में घूमने को मजबूर हैं। यादव ने बताया कि नगर परिषद विभाग के द्वारा नियमित रूप से देखरेख न किए जाने के कारण पार्क अपना अस्तित्व खोता जा रहा है। पार्क में साफ सफाई की कमी, मच्छरों का प्रकोप, पेड़ों की अनदेखी के चलते नागरिकों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से तत्काल इस विषय में कार्यवाही किरने की मांग नगर परिषद सीएमओ से की है।