✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल ड्रेस रिहर्सल संपन्न
कटनी। झिंझरी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले जिले के मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में है।इसी क्रम में शनिवार की सुबह समारोह में प्रस्तुत की जाने वाली परेड की अंतिम और फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर की मौजूदगी में मुख्य समारोह की तरह अंतिम रिहर्सल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और परेड की सलामी ली गई।
फाइनल रिहर्सल में प्लाटूनों द्वारा आकर्षक, अनुशासित एवं समन्वित परेड का प्रदर्शन किया गया। परेड की सटीकता, अनुशासन एवं तालमेल ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों को प्रभावित किया। रिहर्सल के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार मिश्रा, उपायुक्त नगर निगम शैलेष गुप्ता सहित पुलिस, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मुख्य अतिथि की हैसियत से ध्वज फहरायेंगे।