फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव का भव्य आयोजन किया गया। यह साइकिल रैली नगर पंचायत कार्यालय से बस स्टेशन भिटोरा तक निकाली गई, जिसमें युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर द्वारा किया गया। उन्होंने साइकिलिंग ड्राइव के माध्यम से भारत सरकार की फिट इंडिया पहल को आगे बढ़ाते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और लोकतांत्रिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, किसी भी प्रकार की फर्जी खबरों से दूर रहें और दलालों व भ्रामक प्रचार के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि जागरूक और स्वस्थ नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान हैं।
कार्यक्रम में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिसने आयोजन को विशेष रूप से प्रेरणादायक बना दिया। साइकिलिंग रैली के दौरान “फिट इंडिया” और “जागरूक मतदाता” जैसे नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।
इस मौके पर प्रिंसी गंगवार, विशाल भारती, मुनेश, जय बाबू, उपदेश उदय, राजकुमार, मंजुल, रामू, जुनैद, विक्की और रिंकू सहित कई गणमान्य लोग एवं नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ भारत और सशक्त लोकतंत्र के संकल्प के साथ किया गया।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली