सहारनपुर। 01 फरवरी 2026। जनपद सहारनपुर के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से आज कंपनी बाग स्थित राजकीय उद्यान परिसर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत नवनिर्मित कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर का गरिमामयी लोकार्पण संपन्न हुआ। वर्चुअल और भौतिक उद्घाटन का संगम उत्तर प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद कौशाम्बी से वर्चुअल माध्यम से सहारनपुर सहित प्रदेश के चार केंद्रों का उद्घाटन किया। उन्होंने संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। सहारनपुर केंद्र पर मुख्य अतिथि नगर विधायक राजीव गुम्बर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम ने विधिवत फीता काटकर भौतिक रूप से केंद्र को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह सेंटर सूक्ष्म उद्यमियों को एक ही छत के नीचे आधुनिक प्रसंस्करण मशीनरी, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।
PMFME योजना: इसके तहत लाभार्थियों को 35% (अधिकतम ₹3.0 करोड़) तक का अनुदान दिया जा रहा है। यूपी खाद्य प्रसंस्करण नीति-2023: प्रदेश सरकार उद्योग स्थापना हेतु ₹10.0 करोड़ तक के अनुदान का प्रावधान कर रही है, जो उत्तर प्रदेश को इस क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाएगा। स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और उत्साहवर्धन कार्यक्रम के दौरान ‘घाड़ नेचुरल्स’ (तेल-घी), ‘के.डी. एंटरप्राइजेज’ (मसाले) और ‘अदविक बेकर्स’ जैसे सफल लाभार्थियों ने अपने स्टॉल लगाए। माननीय नगर विधायक श्री राजीव गुम्बर ने स्वयं नकद भुगतान कर उत्पाद खरीदे और उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उप निदेशक उद्यान श्रीमती पूजा, लखनऊ से आए तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. हरीश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह सहित भारी संख्या में किसान, एफपीओ प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। यह केंद्र स्थानीय कृषि उपज के मूल्य संवर्धन (Value Addition) के जरिए किसानों की आय दोगुनी करने में मील का पत्थर साबित होगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़