दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
ब्लॉक क्षेत्र के बीड़र गांव में रविवार दोपहर प्राथमिक विद्यालय के समीप मैदान में बहुजन कल्याण समिति के तत्वावधान में संत रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर संत रविदास के आदर्शों और समानता के संदेश पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में संत रविदास की प्रसिद्ध कहानी चमड़े का कटोरा का जिक्र किया गया जिसके माध्यम से भक्ति में जाति-पाति का कोई भेद न होने का संदेश दिया गया। निर्जला और रितेश सहित दर्जनों बच्चों ने संत रविदास के जीवन परिचय पर प्रेरक प्रस्तुतियां दीं तथा समानता के आदर्श अपनाने पर बल दिया।
समारोह का शुभारंभ संत रविदास, डॉ. भीमराव अंबेडकर और गौतम बुद्ध के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि अध्यापक ज्ञानचंद तथा विशिष्ट अतिथि कार्यवाहक ग्राम प्रधान श्रवण भारती उपस्थित रहे। दर्जनों वक्ताओं, महिलाओं और बच्चों ने अपने विचार साझा किए तथा डॉ. अंबेडकर व संत रविदास से जुड़े गीत व प्रेरक शायरी प्रस्तुत कीं।
आयोजकों ने अगले वर्ष कार्यक्रम को और भव्य बनाने का संकल्प लिया तथा सभी प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार घोषित किए। संचालन राममनोहर नौके ने किया। वक्ताओं ने उपस्थितजनों से घरों में संत रविदास व डॉ. अंबेडकर के चित्र रखने तथा बच्चों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता ही बच्चों के प्रथम गुरु होते हैं।