जाकिर झंकार
डांग जिले में वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जा रही एक बोलेरो पिकअप को जब्त किया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो गए। जब्त किए गए मुद्देमाल की कीमत लगभग ₹1.45 लाख आंकी गई है।
उत्तर डांग, आहवा के उप वन संरक्षक (DCF) श्री मुरलीलाल मीणा को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर शिंगाणा और सुबीर रेंज के वन अधिकारियों ने शिंगाणा–गिरमाल मार्ग पर रात के समय कंबिंग पेट्रोलिंग की। करीब रात 10 बजे संदिग्ध बोलेरो पिकअप (GJ-19/V-1023) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज़ी से वाहन भगा ले गया।
वन कर्मियों ने साहसपूर्वक पीछा कर शिंगाणा गांव की सीमा में वाहन को चारों ओर से घेर लिया, जिसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। वाहन से 22 नग खैर की लकड़ी (1.617 घन मीटर) बरामद की गई।
वन विभाग ने लकड़ी और वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।