उरई(जालौन):
दैवोलिया रिसोर्ट संस्कार पैलेस में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं श्रमिकों को कौशल उन्नयन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना रहा। समारोह में यू.पी.आई.डी. की अध्यक्ष क्षिप्रा शुक्ला, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित तथा उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सदर विधायक ने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना पारंपरिक शिल्पकारों, कारीगरों एवं लघु उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उपायुक्त उद्योग ने योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों को तकनीकी दक्षता, व्यवसायिक समझ और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत संचालित सभी ट्रेड्स के लाभार्थी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर लाभार्थियों ने प्रशिक्षण अनुभव साझा करते हुए शासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश