उरई(जालौन):
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की शिकायतें सुनीं। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं पर जिलाधिकारी ने न केवल गंभीरता से संज्ञान लिया, बल्कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों को कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। त्वरित समाधान से संतुष्ट फरियादियों के चेहरों पर राहत और विश्वास स्पष्ट दिखाई दिया। जनसुनवाई के दौरान ग्राम हरचंदपुर निवासी मंजू देवी, पत्नी स्वर्गीय राजू, ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है, किंतु मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को समझते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आज ही मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रोबेशन अधिकारी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत बच्चों को लाभान्वित करने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड बनाए जाने के निर्देश भी तत्काल जारी किए। इसी जनसुनवाई में 90 वर्षीय रामनारायण, पुत्र मथुरा प्रसाद, निवासी सतोह, तहसील कोंच, ने बताया कि उन्हें कान से कम सुनाई देता है और आंखों से भी कम दिखाई देता है। बुज़ुर्ग की बात सुनते ही जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि आज ही उन्हें श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया जाए तथा आंखों की जांच कराकर चश्मा बनाया जाए। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उसी दिन रामनारायण को कान की मशीन और चश्मा उपलब्ध कराया गया, साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनका आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड भी बनाया गया जिससे भविष्य में निशुल्क उपचार की सुविधा सुनिश्चित हो सके।शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलते ही बुजुर्ग रामनारायण के चेहरे पर संतोष और राहत की मुस्कान लौट आई। सुशासन की जीवंत तस्वीर जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, चकरोड, घरेलू विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश