बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव चुरई दलपतपुर में मकान की छत पर काम कर रहे एक राज मिस्त्री की 11 हजार वोल्ट की हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी 36 वर्षीय बिट्टन शर्मा पुत्र नत्थूलाल गांव के ही ब्रजेश सक्सेना के मकान की छत पर घुटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में पकड़ा लोहे का औजार/सरिया अचानक मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से टकरा गया। तेज करंट लगते ही बिट्टन शर्मा बुरी तरह झुलस गए और छत पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बिट्टन शर्मा अपने पीछे दो मासूम बेटे—अभी और अनिकेत को बेसहारा छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई जा रही है, जिससे गांव में शोक के साथ चिंता का माहौल है।
सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली