दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कस्बे के डीआर पैलेस के समक्ष रामनगर मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एचडीएफसी बैंक कर्मी को जोरदार टक्टर मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया ,जहां इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय शिवम चौबे पुत्र संतोष चौबे, निवासी कचनरवा कोन (वर्तमान में बढ़नीनाला के समीप किराए के मकान में रहते हैं), बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक पर बाजार से अपने कमरे की ओर जा रहे थे। तभी रामनगर मोड़ की ओर से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
सड़क किनारे छटपटाते घायल को देख स्थानीय लोगों ने निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाकर भर्ती कराया,जहां डॉ. मनोहर सिंह के पर्यवेक्षण में उनका इलाज जारी है। हादसे में उनके दाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं।