बहेड़ी, बरेली। बरेली जनपद की तहसील बहेड़ी नगर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शिक्षा संस्थान में शुक्रवार को वार्षिक उत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर अध्यक्ष रश्मि जायसवाल ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। छात्राओं ने नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि रश्मि जायसवाल ने खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है और बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से लगन, परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्राओं को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा संस्थान के सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनके सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली