फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा संज्ञान लिए जाने के बावजूद फतेहगंज पश्चिमी स्थित राधा कृष्ण मंदिर कट को अब तक बंद न किया जाना नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की घोर लापरवाही और प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करता है। केवल एएनए कट बंद कर औपचारिकता निभा दी गई, जबकि राधा कृष्ण मंदिर कट आज भी खुलेआम मौत बांट रहा है।
शुक्रवार शाम इसी जानलेवा कट पर एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार युवक रामपुर की ओर से बरेली जा रहा था, तभी बरेली की ओर से आ रहा एक ऑटो, जो फतेहगंज पश्चिमी सवारियां छोड़ने जा रहा था, अचानक राधा कृष्ण मंदिर कट से हाईवे पर आ गया। तेज रफ्तार और अवैध कट के कारण दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में सायन पुत्र मुन्ना, निवासी हसनपुर लुहारी, थाना भवन, जनपद शामली गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पीआरबी व थाना पुलिस ने घायल को तत्काल बरेली के अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ए एन ए कट बंद होने से जहां खतरनाक हादसों पर अंकुश लगा है, वहीं राधा कृष्ण मंदिर कट को खुला छोड़कर NHAI हर दिन लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है।
लोगों का साफ कहना है कि अगर यह कट समय रहते बंद कर दिया जाता, तो यह हादसे टल सकते थे।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा कर दिया है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा मामले में नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि राधा कृष्ण मंदिर कट को तत्काल बंद कर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा और जानलेवा हादसा प्रशासन और NHAI की कार्यशैली पर भारी पड़ेगा।
अब सवाल यह है कि अगली दुर्घटना से पहले जिम्मेदार कब जागेंगे?
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली