कैमोर – औद्योगिक नगरी कैमोर में ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही और ट्रक चालकों द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसके बावजूद इस पर प्रभावी नियंत्रण न होने से अब पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
विगत 10 मार्च की रात लगभग 11:30 बजे कैमोर–मैहर मुख्य मार्ग पर स्थित संडे मार्केट के समीप एक ओवरलोडेड हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर एसीसी द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए बनाए गए क्वार्टर की दीवार में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि हाईवा पलट गया और उसमें भरी गिट्टी व पत्थर क्वार्टर परिसर में फैल गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दुर्घटना घटित हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया, क्योंकि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे और स्थानीय निवासी भी गुजरते हैं।
रहवासियों का कहना है कि कैमोर–मैहर मार्ग पर रात के समय भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही आम बात हो गई है। कई बार सड़कों पर गिट्टी और पत्थर भी बिखरे रहते हैं, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते ओवरलोड वाहनों और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो शायद ऐसी घटना से बचा जा सकता था। लोगों ने क्षेत्र में नियमित चेकिंग और सख्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।