बरेली। नाथ नगरी बरेली आज पूरी तरह से श्रीकृष्ण के रंग में रंगी नजर आई। अवसर था अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा आयोजित भव्य श्री कृष्ण-बलराम शोभायात्रा का। शहर की सड़कों पर भक्ति का ऐसा ज्वार उमड़ा कि हर कोई ‘राधे-राधे’ जपते हुए अपनी सुध-बुध भूल गया। रामपुर गार्डन स्थित आनंद आश्रम से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
भक्ति में डूबा शहर, विदेशी भक्तों ने भी खिंचा रथ शोभायात्रा का आकर्षण इतना भव्य था कि स्थानीय भक्तों के साथ इस्कॉन संस्था से जुड़े देश-विदेश के श्रद्धालु भी झूमते-गाते नजर आए। भगवान के रथ को खींचने के लिए भक्तों में होड़ मची रही। पूरे रास्ते पुष्प वर्षा और आरती के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और शंख की ध्वनि के बीच पूरा बरेली कृष्णमय हो गया।
इन रास्तों से गुजरी कान्हा की सवारी दोपहर 12 बजे आनंद आश्रम से शुरू हुई यह यात्रा गांधी उद्यान और गंगा चरण अस्पताल होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर 2 बजे यात्रा चौकी चौराहा पहुंची, जहां भक्तों का भारी हुजूम स्वागत के लिए खड़ा था। इसके बाद यात्रा अशोका फोम, किप्स हीरो और पटेल चौक से होते हुए शाम 4 बजे नावल्टी चौराहा पहुंची। जैसे-जैसे सूरज ढल रहा था, भक्तों का उत्साह और बढ़ता गया।
शाम को डीओडी पुरम में होगी महाआरती निर्धारित रूट के अनुसार, शोभायात्रा कोतवाली और मोती पार्क होते हुए आलमगिरीगंज और मारवाड़ीगंज मंदिर पहुंचेगी। नरकुलागंज और प्रेम नगर धर्मकांटा होते हुए यात्रा शाम 7 बजे नेहरू पार्क कॉलोनी गेट पहुंचेगी, जहां डॉ. दिनेश जौहरी के निवास के पास भव्य संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा। यात्रा का समापन रात 8 बजे झूलेलाल द्वार पर होगा।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली