फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। कस्बे के भिटौरा स्टेशन रोड स्थित श्री गुरु हरि कृपा इंटर कॉलेज में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रांगण उल्लास, संस्कृति और भावनाओं से सराबोर नजर आया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि शांतिकुंज गायत्री परिवार से पधारे श्री राजीव जोहरी जी, विद्यालय के अध्यक्ष/प्रबंधक रामबाबू मिश्रा (आर.बी. मिश्रा) एवं प्रधानाचार्य राजीव मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, रोड सेफ्टी जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित लघु नाटकों ने दर्शकों को गहरी सोच में डुबो दिया और भरपूर सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजीव जोहरी जी, विद्यालय प्रबंधक रामबाबू मिश्रा एवं प्रधानाचार्य राजीव मिश्रा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव मिश्रा एवं उप प्रधानाचार्य लक्ष्मण स्वरूप शर्मा ने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और गुरुओं के सम्मान का महत्व बताते हुए जीवन में निरंतर प्रयासरत रहने की सीख दी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि, प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, भावुक क्षणों में विद्यार्थियों ने अपने प्रिय प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन उप प्रधानाचार्य लक्ष्मण स्वरूप शर्मा एवं शिक्षक रणजीत सिंह द्वारा आए हुए समाजसेवियों, गणमान्य अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली