जनपद के विकास पुरुष कहे जाने वाले स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर स्थापित कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल (कसारा) में सोमवार को स्वास्थ्य सुविधाओं में एक नया अध्याय जुड़ गया। संस्थान के परिसर में नवनिर्मित ब्लड बैंक का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर डॉ. मनीष राय ने स्वयं रक्तदान कर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की।उद्घाटन के बाद उपस्थित जनसमूह और मेडिकल स्टाफ को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष राय ने कहा कि अक्सर गंभीर स्थिति में मरीजों को रक्त की तत्काल आवश्यकता होती है, जिसके लिए परिजनों को वाराणसी, आजमगढ़ या अन्य शहरों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
“ब्लड बैंक का शुभारंभ हो जाने से अब मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को रक्त की आपूर्ति के लिए कहीं बाहर भाग-दौड़ नहीं करनी होगी। हमारा उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।”
ब्लड बैंक के उद्घाटन के मौके पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें संस्थान के कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डायरेक्टर डॉ. मनीष राय के साथ-साथ अखिलेश राय, शिवांश राय, कृपसिंधु सिंह, इरशाद आलम, और चंद्रमा प्रसाद सहित दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
बता दें कि पीपीपी (PPP) मॉडल पर आधारित यह मेडिकल कॉलेज मऊ और आसपास के जिलों के लिए लाइफलाइन बनता जा रहा है। ब्लड बैंक की स्थापना से यहाँ की इमरजेंसी सेवाओं और सर्जरी विभाग को बड़ी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को मऊ क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया।