करेरा अंतर्गत ग्राम सड़ के पूर्व सरपंच गुल्ली पंडित ने समाज में एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। रोनिजा निवासी विजय बाल्मीकि की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होकर उन्होंने न सिर्फ वर-वधू को उपहार भेंट किए, बल्कि बेटी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस भावुक क्षण ने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया।
आज जब समाज में जाति-पात को लेकर अक्सर विवाद देखने को मिलते हैं, ऐसे समय में गुल्ली पंडित का यह कदम सामाजिक समरसता और भाईचारे का मजबूत संदेश देता है। विवाह समारोह में पहुंचे गुल्ली पंडित ने परिवारजनों से आत्मीय बातचीत की और कहा कि
“बेटियां सबकी होती हैं, उनका सम्मान ही सच्ची सेवा है। समाज को जोड़ने का रास्ता इंसानियत से होकर जाता है, न कि जाति से।”
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने इस पहल की जमकर सराहना की। कई लोगों ने इसे आने वाली पीढ़ी के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया। समारोह स्थल पर कुछ समय के लिए माहौल भावुक हो गया, जब गुल्ली पंडित ने बेटी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुल्ली पंडित पहले भी सामाजिक कार्यों और जरूरतमंद परिवारों की मदद में आगे रहते हैं, लेकिन यह कदम समाज में समानता और सम्मान की नई मिसाल बन गया है।यह घटना बताती है कि अगर जनप्रतिनिधि चाहें तो समाज में व्याप्त भेदभाव को मिटाने की शुरुआत खुद से कर सकते हैं। करेरा क्षेत्र में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे “इंसानियत की जीत” बता रहे है
करेरा से कमलेश तिवारी की रिपोर्ट इंडियन टी वी न्यूज