सहारनपुर|रमज़ान, ईद एवं महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, धार्मिक गुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सहारनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब देशभर में मिसाल है और सभी को आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्बाध विद्युत और जल आपूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही धार्मिक गुरुओं से अपील की कि मस्जिदों में क्षमता के अनुसार ही नमाज अदा कराई जाए और सभी त्योहार परम्परागत तरीके से मनाए जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने कहा कि शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचने और बिना सत्यापन कोई संदेश फारवर्ड न करने की अपील की। अधिकारियों को लाउडस्पीकर की निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन कराने तथा डीजे संचालकों, होटल और वैकन्ट हॉल संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर विशेष नियंत्रण रखा जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में सभी संबंधित विभागों को अपने दायित्वों का सजगता से निर्वहन करने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़