सहारनपुर । पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह द्वारा परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान बजट-2026 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संसाधनों के प्रभावी उपयोग और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र सहारनपुर अभिषेक सिंह ने विशेष रूप से साइबर क्राइम की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया अपराध एवं वित्तीय ठगी के मामलों में त्वरित एफआईआर पंजीकरण, तकनीकी साक्ष्यों के शीघ्र संकलन तथा धोखाधड़ी की गई धनराशि को गोल्डन आवर्स के भीतर अधिकतम फ्रीज/रिकवर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जेडएफडी (ZFD) एवं ई-साक्ष्य एप की समीक्षा करते हुए डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, समयबद्ध अपलोडिंग एवं नियमित अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। प्रत्येक आपराधिक प्रकरण में तकनीकी साक्ष्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में गौकशी एवं शराब तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराधियों की संपत्ति चिन्हित कर जब्तीकरण की प्रक्रिया तेज करने तथा अवैध गतिविधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने हेतु समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र सहारनपुर अभिषेक सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़