दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स अकैडमी (एमडीसीएसए) और जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के सेकंड ट्रायल के लिए उत्तर प्रदेश महिला फुटबॉल टीम रेलवे स्टेशन दुद्धी से कोलकाता रवाना हो गई। आठ दिवसीय दौरे पर जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस से रवाना हुई टीम का स्वागत माननीय श्री नरेंद्र सिंह गौड़ ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और उनका उत्साह बढ़ाया।
दुद्धी क्षेत्र की अनुसूचित जनजाति की ये बालिकाएं कोच सुधीर कुमार और एमडीसीएसए अध्यक्ष शिवशंकर प्रसाद एडवोकेट के नेतृत्व में रवाना हुईं। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा जनजातीय प्रतिभा खोज के इस आयोजन को मील का पत्थर बताया जा रहा है, जिसमें ये बालिकाएं पहली प्रतिभागी होंगी। प्रतिभागी खिलाड़ी तारावती, शुभनीता, आंचल, पुष्पा, काजल, मानकुंवर, मंजू, प्रमिला और सोनी हैं।
हौसला अफजाई के लिए एमडीसीएसए परिवार से मुजीब खान, संदीप कुमार, उपेन्द्र कुमार, हिमांशु कुमार आदि उपस्थित रहे। जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के अध्यक्ष श्री दलबीर सिंह सामरा और सचिव श्री मुजफ्फर अली के सहयोग और मार्गदर्शन को सराहते हुए कहा गया कि इससे जिले में फुटबॉल को नई ऊंचाइयां मिलेंगी,इसके लिए संघ को हार्दिक धन्यवाद।