दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
तहसील सभागार दुद्धी में आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा दुद्धी के सांगठनिक चुनाव उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। अध्यक्ष पद पर विनय गुप्ता ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी संतोष कुमार यादव को 47 मतों के अंतर से पराजित किया।
उपशाखा के कुल 96 सदस्यों में से 84 ने मतदान किया। तहसील मंत्री पद पर लाल बाबू सरोज ने 54 मत हासिल कर विजय प्राप्त की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी अंकित सिंह को 30 मत मिले। अन्य पदों पर चुनाव निर्विरोध रहा।
निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कुंदन कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नीरज कुमार सिंह, उपमंत्री पद पर विनय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर माला धारी सिंह तथा लेखा परीक्षक पद पर धर्मेंद्र कुमार सिंह का चयन किया गया।
परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा, एकजुटता एवं लेखपालों के हितों के संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिलाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह, जिलामंत्री अमित कुमार शुक्ला, विनोद पाल, श्री भगवान तथा सदर कोषाध्यक्ष की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को विधिवत शपथ दिलाई गई।