बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में मंगलवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बड़ा हादसा कर दिया। मुख्य बाजार स्थित सीकों वाली गली चौराहे पर एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी अमन गुर्जर अपने बड़े भाई नमन गुर्जर को दिल्ली जाने वाली बस में बैठाने के लिए बाइक से मुख्य मार्ग की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सीकों वाली गली से मुख्य सड़क पर पहुंचे, कुम्हारों वाली गली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने मस्जिद के सामने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में अमन गुर्जर के सिर में गहरी चोट आई है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि नमन गुर्जर को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है और फरार कार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मुख्य बाजार क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और चौराहे पर यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली