दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित अमवार रोड पर बुधवार रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने रामनगर कस्बा निवासी 42 वर्षीय विनोद पुत्र स्व. रामधनी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ बाइक पर सवार कस्बा वार्ड नंबर एक के रिश्तेदार को हल्की चोटें आईं। टक्कर मारने वाले बाइक सवार खुद भी घायल होने के बावजूद बाइक उठाकर भाग निकला।
विनोद अपने रिश्तेदार के साथ दीघुल गांव में शादी समारोह से काम निपटा कर दुद्धी लौट रहे थे। इंडियन बैंक से महज 100 मीटर पहले विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। रिश्तेदारों को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और विनोद को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले गए। उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आईं। चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
उसी रात करीब नौ बजे दुद्धी कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर इंडियन गैस एजेंसी के समीप एक अन्य सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। बीड़र निवासी सोनू पुत्र गंगेश्वर और अर्जुन पनिका (25) पुत्र रामलखन, जो पड़ोसी मित्र हैं, देर शाम बाइक पर घर से निकले थे। परिजनों को उनके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं थी। राहगीरों ने घायलावस्था में सड़क किनारे पड़े दोनों को देखकर एंबुलेंस की सूचना दी, जिससे उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में तीनों घायलों का इलाज जारी हैं ।