कटनी कैमोर// श्रमधाम कला एवं वाणिज्यिक महाविद्यालय कैमोर के तत्वाधान में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम गुड़गुड़हुआ के पंचायत भवन में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित इस शिविर में लगभग 35 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर का शुभारंभ 21 फरवरी को हुआ और इसका समापन 27 फरवरी को होगा। इस वर्ष शिविर का मुख्य विषय “माय भारत के लिए युवा एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा” रखा गया है।
शिविर के द्वितीय दिवस अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक SFS तरुण पाण्डेय एवं युवा पत्रकार श्याम गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित हुए और छात्र-छात्राओं को प्रेरणादायी संबोधन दिया। अपने उद्बोधन में तरुण पाण्डेय ने कहा कि भारत के चौमुखी विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे शिविर विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतिभागी सात दिनों के प्रशिक्षण से सीख लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।
वहीं युवा पत्रकार श्याम गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे भी कॉलेज जीवन में राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय स्वयंसेवक रहे हैं। उन्होंने बताया कि NSS के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों और जनजागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने से उनके व्यक्तित्व विकास में बड़ा योगदान मिला और आज आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने की क्षमता भी उसी का परिणाम है।
कार्यक्रम के अंत में श्रमधाम कॉलेज NSS इकाई के प्रमुख भूपेंद्र अवस्थी ने छात्रों को पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लेने तथा समाज परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट