*NH 139W साहेबगंज- अरेराज- बेतिया पथ निर्माण परियोजना के प्रगति का जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
साहेबगंज से अरेराज होते हुए बेतिया तक 78.942 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाना है। इसका प्रथम भाग साहेबगंज से अरेराज तक 38.36 किलोमीटर और दूसरा भाग अरेराज से बेतिया तक 40.58 किलोमीटर का है। पथ निर्माण कार्य के लिए 07 अप्रैल 2026 को चयनित एजेंसी के साथ एग्रीमेंट किया जा चुका है। इस पथ के निर्माण पर कुल 3822 करोड़ की राशि का व्यय होना है। पथ निर्माण का कार्य अगले 2 वर्षों में पूरा किया जाना है।
आज समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इस पथ के निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई जिसमें अपर समाहर्ता, जिला भूअर्जन पदाधिकारी,वन प्रमंडल पदाधिकारी, NHAI के प्रोजेक्ट अभियंता, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई, तिरहुत नहर प्रमंडल, विद्युत, PHED , अंचल अधिकारी केसरिया, संग्रामपुर, अरेराज,हरसिद्धि एवं पहाड़पुर एवं संबंधित थानों के थाना प्रभारी उपस्थित थे।
बैठक में NHAI के प्रोजेक्ट अभियंता के द्वारा बताया गया कि इस कार्य के लिए तीन कैंप बनाए जा रहे हैं जिसमें दो पूर्वी चंपारण में और एक कैंप पश्चिमी चंपारण में रहेगा। इस पथ में एक मेजर ब्रिज और 22 माइनर ब्रिज भी बनेंगे। तिरहुत कैनाल को क्रॉस करते हुए 250 मीटर लंबा मेजर ब्रिज बनेगा।
जिलाधिकारी के द्वारा वन प्रमंडल पदाधिकारी को पथ निर्माण से संबंधित जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र दिलाने का निर्देश दिया गया।
यह पथ पूर्वी चंपारण जिला के केसरिया, संग्रामपुर, हरसिद्धि, अरेराज एवं पहाड़पुर अंचल से गुजरेगी जिसमें कुल 45 राजस्व ग्राम आ रहे हैं। इसके अंतर्गत केसरिया में 18, संग्रामपुर में 10, अरेराज में 04, हरसिद्धि में 06 और पहाड़पुर में 07 राजस्व ग्राम शामिल हैं। जिसमें कुल 2778 खेसरा तथा 5500 रैयत शामिल हैं।
जिलाधिकारी के द्वारा भू अर्जन प्रक्रिया अंतर्गत रैयतों के भुगतान की समीक्षा की गई एवं भुगतान अति शीघ्र करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा में पाया गया कि अभी तक 697 रैयतों का भुगतान कर दिया गया है, इसके अतिरिक्त संबंधित अंचलों से 1238 अभिलेख जिला भू अर्जन कार्यालय को प्राप्त हो चुके हैं। अभी तक 77.41 करोड़ की राशि का भुगतान रैयतों को कर दी गई है। इस परियोजना अंतर्गत 36 मौजा का दखल कब्जा अधियाची विभाग को दे दिया गया है जिसकी दूरी 49.02 किलोमीटर है।
समीक्षा में पाया गया कि जिला भू अर्जन कार्यालय को प्राप्त 506 अभिलेख त्रुटि पूर्ण है। इसके निराकरण के लिए अभिलेख को अंचल कार्यालय वापस किया गया है। जिलाधिकारी के द्वारा इस पर नाराजगी प्रकट की गई एवं स्पष्ट निर्देश दिया गया की त्रुटि निराकरण के लिए अभिलेख को जिला भू अर्जन कार्यालय से संबंधित अंचल को वापस नहीं किया जाए बल्कि संबंधित अंचल के अंचलाधिकारी को जिला भू अर्जन कार्यालय बुलाकर यहीं पर उसका त्रुटि निराकरण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह एक बड़ी महत्वाकांक्षी परियोजना है जिसकी समीक्षा बिहार सरकार और भारत सरकार में शीर्ष स्तर पर की जा रही है। सभी सम्बन्धित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस परियोजना से संबंधित रैयतों का भुगतान शीघ्र करें। बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए आपसी समन्वय के साथ सहयोग प्रदान करें।
रिपोर्ट;अमरजीत सिंह