महिलाओं और बच्चों के अधिकारों को लेकर प्रशिक्षण शिविर आयोजित, 45 बिहान समूहों के कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण
बालोद, छत्तीसगढ़, 25 सितंबर 2026: सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और अभियानों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बालोद में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
राज्य बाल संरक्षण समिति और महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन और जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में डौंडीलोहारा, डौंडी, गुण्डरदेही, गुरूर और बालोद विकासखंडों से आए करीब 40 जिला एवं विकासखंड स्तरीय कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण लिया।
शिविर में मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, सखी वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो एक्ट 2012 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों की सुरक्षा, देखरेख, शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास से जुड़ी वैधानिक इकाइयों की भूमिका पर भी जानकारी दी गई। इसमें किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई और जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों को समझाया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू ने किया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू, परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू, मिशन शक्ति जिला समन्वयक डॉ. एस. कुमार और आउटरीच वर्कर अखिलेश कुमार डहरे ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की।

