कटनी कैमोर// पीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैमोर में रविवार को निरीक्षण के लिए भारत सरकार के संयुक्त सचिव फूल चंद्र प्रसाद अधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि, एडीपीसी धनश्री जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने विद्यालय की शैक्षणिक व मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारी सबसे पहले विद्यालय की प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे और पढ़ाई की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के सुझाव दिए। अधिकारियों ने प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, रसोईघर और शौचालय सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। विद्यालय की प्राचार्य अलका श्रीवास्तव से विद्यार्थियों की संख्या व शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने शासन द्वारा निर्धारित 30 बिंदुओं पर शिक्षकों और स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश भी दिए। लगभग दो घंटे चले इस निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया गया। टीम ने परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट की भी सराहना की और वहां फोटो खिंचवाई।
हालांकि अंत में जब उपस्थित पत्रकारों ने निरीक्षण से जुड़े सवाल पूछने का प्रयास किया तो उन्हें कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे कुछ पत्रकार असंतुष्ट नजर आए।
प्राचार्य ने बताया कि यह निरीक्षण भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार पीएम श्री विद्यालयों के मूल्यांकन अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अन्य विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा।
यह पूरा निरीक्षण कार्यक्रम कैमोर स्थित विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट