सहारनपुर। जनपद के औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु आज नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में “जिला उद्योग बन्धु” की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का सफल संचालन उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों के स्तर से समय सीमा बीत जाने के बावजूद लम्बित पड़े आवेदनों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि पोर्टल पर लम्बित सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि उद्यमियों को कार्य करने में कोई बाधा न आए। शहर की बुनियादी समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निम्नलिखित निर्देश जारी किए। नगर निगम से जुड़े सभी प्रकरणों को आगामी 15 वें वित्त आयोग की बैठक में चर्चा हेतु रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जनता रोड पर हुए अस्थाई अतिक्रमण और अवैध गुमटियों पर की गई कार्यवाही की रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने को कहा। लोक निर्माण विभाग (PWD): नवादा रोड पर काजीपुरा से आगे जल भराव की समस्या को देखते हुए तत्काल अस्थाई जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सड़कों पर सुरक्षा के दृष्टिगत एनएचआईए के समन्वय से उद्यमियों द्वारा चिन्हित स्थानों पर सांकेतिक और रिफ्लेक्टर बोर्ड लगाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।विकास प्राधिकरण नावादा रोड स्थित उत्तराखण्ड कॉलोनी के प्रकरण में प्राधिकरण द्वारा अब तक की गई कार्यवाही का पूरा विवरण तलब किया गया है।बैठक में अपर मुख्य अधिकारी ने अवगत कराया कि उद्योग बन्धु के विचाराधीन प्रकरणों के लिए टेंडर प्रक्रिया मार्च 2026 के बाद शुरू कर दी जाएगी। नए प्रस्तावों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित अग्रिम कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी, एलडीएम कृषणु दास, अपर नगर आयुक्त प्रदीप यादव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रवीर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उद्यमी संगठनों की ओर से आईआईए से गौरव चोपड़ा, लघु उद्योग भारती से अजय शर्मा, आईआईबीए से संजीव शर्मा और हौजरी एसोसिएशन से मनजीत अरोड़ा उपस्थित रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़