सहारनपुर में लव जिहाद का मामला सामने आया है, जो इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है, हिंदू संगठनों ने रोड जाम कर युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
सहारनपुर जनपद के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव सांगा ठेड़ा में एक युवती के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गांव के एक मुस्लिम युवक पर हिंदू समुदाय की युवती को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया और कई हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि 24 तारीख को युवती अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक आज़म उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिवार की ओर से थाना गंगोह में मुकदमा दर्ज कराया गया है
वहीं, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान और कथित प्रेम संबंध थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव बढ़ गया। हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए जाम भी लगाया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि युवती को जल्द बरामद नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर युवती अपने परिजनों पर युवक को नुकसान पहुंचाने की आशंका जताते हुए उसके साथ रहने की बात कह रही है। पुलिस ने वीडियो की सत्यता की भी जांच शुरू कर दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एसपी देहात सहारनपुर सागर जैन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवती की बरामदगी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से संवाद स्थापित किया जा रहा है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस का प्रयास है कि युवती को सकुशल बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाए
वहीं, बजरंग दल के नेता हरीश कौशिक ने आरोप लगाया कि युवक ने युवती का “ब्रेनवॉश” कर उसे अपने साथ ले गया है।
उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा।
पुलिस और प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का साफ कहना है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ बयानबाजी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद में शांति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है और पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़