दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
फागुन की बहार में दुद्धी के बाजार रंग-अबीर-गुलाल और पिचकारियों से जगमगा उठे हैं। होली का त्योहार नजदीक आते ही स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक रूप से सजाया है। चमचमाते रंग, चमकीले गुलाल, अबीर के ढेर और तरह-तरह की पिचकारियां देखकर लोग खरीदारी में जुट गए हैं।
बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। बच्चे-बूढ़े सभी होली की तैयारियों में मशगूल हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार रंग-गुलाल की मांग खूब बढ़ गई है। लोग अच्छे क्वालिटी के ऑर्गेनिक रंग ले रहे हैं। युवाओं में वाटर गन और पिचकारियों का क्रेज देखने लायक है।
उधर होलिका दहन आज सोमवार को रात्रि 10 बजे से माँ काली जी मंदिर समीप होलिका स्थल पर होगा। रात्रि 12:50 तक जलाने का शुभ मुहूर्त है। होली पर प्रशासन ने भी अपील की है कि लोग सुरक्षित तरीके से उत्सव मनाएं और नशे से दूर रहें। बाजार में चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों में उत्साह है, वहीं दुद्धी की गलियां रंगों की परंपराओं में सराबोर नजर आ रही हैं।