बरेली। शाही थाना क्षेत्र के मंसूरगंज गांव में धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर उतारे जाने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मंदिर पर बज रहे भजनों की आवाज को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों द्वारा आपत्ति जताई गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
सूचना पर पहुंचे हल्का इंचार्ज अनिल राणा ने एहतियातन मंदिर से लाउडस्पीकर उतरवा दिए। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का आरोप था कि बिना पूरी जांच और दोनों पक्षों को सुने एकतरफा कार्रवाई की गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने थाना प्रभारी राजेश वैशला से वार्ता कर तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने गांव पहुंचकर दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोगों से संवाद स्थापित किया और आपसी समझाइश के जरिए माहौल को शांत कराया।
इस दौरान पूर्व प्रधान वेदपाल सिंह ने भी ग्रामीणों से संयम बरतने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। विधायक डॉ. वर्मा ने फोन पर ग्रामीणों से बातचीत कर होली का पर्व सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाने का संदेश दिया।
प्रशासन की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों की पहल से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल गांव में शांति कायम है और प्रशासन ने दोनों पक्षों से अफवाहों से दूर रहने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली