इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट
कैमोर। निस्वार्थ राष्ट्र सेवा और समर्पण के भाव से कार्य करने वाले विश्व के सबसे बड़े संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा रंगपंचमी के उपलक्ष्य में 8 मार्च को खलवारा बाजार स्थित सामुदायिक मंगल भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के दायित्ववान कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए पारंपरिक तरीके से होली उत्सव मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर कार्यवाह द्वारा की गई, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और समाज के प्रति उसके योगदान के विषय में विस्तार से उपस्थित लोगों को जानकारी दी। साथ ही संघ के कार्यों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इसके पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित संघ के समस्त दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने अपना-अपना परिचय दिया। मंचीय कार्यक्रम के दौरान होली के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर चर्चा की गई। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवक ओम प्रकाश जी ने उपस्थित बाल स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से गुलाल से होली खेलने तथा नशे से दूर रहकर त्योहार मनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों और अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे के साथ होली उत्सव मनाया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समस्त दायित्वान कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों सहित
समाजसेवी पित्रेश पाण्डेय, बिक्कू दीक्षित, अभय तिवारी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विजयराघवगढ़ नगर संयोजक पुनीत तिवारी एवं गौसेवा दल के जिला संयोजक आनंद तिवारी की उपस्थिति रही।