होली खेलने घर से निकले 41 साल के किसान की बॉडी मंगलवार को गेहूं के खेत में सड़ी-गली हालत में मिली। किसान का शव उसी खेत में मिला जिसमें वह बंटाई पर खेती करता था। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना जालोर जिले के रामसीन थाना क्षेत्र के मांडोली गांव की है। रामसीन थानाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया- जिसका शव मिला है वह मांडोली गांव का रहने वाला किसान हिम्मताराम (41) पुत्र समेलाराम हीरागर है। पूछताछ में परिजन से पता चला कि 4 मार्च को सुबह 10 बजे धुलंडी खेलने के लिए हिम्मताराम घर से निकला था। रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन ने तलाश की। लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। चार दिन तक तलाशने के बाद परिजन ने रविवार 8 मार्च को रामसीन थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।