फतेहगंज पश्चिमी, बरेली।
अगरास–अभयपुर रोड पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूध से भरे अनियंत्रित टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका पति घायल है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना शाही क्षेत्र के गांव केरा निवासी यशपाल गंगवार अपनी पत्नी भावना गंगवार (40) के साथ मंगलवार दोपहर करीब चार बजे गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर कस्बा सोरहा में दवा लेने गए थे। डॉक्टर से दवा लेने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोजीपुरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अनियंत्रित दूध टैंकर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी भावना गंगवार सड़क किनारे गिरकर टैंकर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं उनके पति यशपाल गंगवार भी हादसे में चोटिल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने भावना गंगवार को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद भाग रहे टैंकर को पुलिस ने अगरास मोड़ पर पकड़ लिया और वाहन को थाने में खड़ा कर लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतका भावना अपने पीछे पति यशपाल गंगवार और दो छोटे बच्चों (एक बेटा व एक बेटी) को छोड़ गई हैं। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली