फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नेशनल हाईवे पर बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध कार में फंसकर करीब सौ मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार समेत चालक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव औंध निवासी पवन कुमार (60) नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में चौकीदारी का काम करते थे। बुधवार देर शाम वह रोज की तरह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे बाईपास स्थित उनासी चौराहे पर सड़क पार करते समय मीरगंज की ओर से फरीदपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पवन कुमार साइकिल समेत कार में फंस गए और वाहन उन्हें करीब सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दर्दनाक हादसे में उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को भी कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव के प्रधान राहुल सिंह ने बताया कि मृतक पवन कुमार की शादी नहीं हुई थी। वह तीन भाइयों में बीच के थे और लंबे समय से होटल में चौकीदारी कर अपने जीवन यापन कर रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली