सहारनपुर बेहट
थाना बेहट क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मार्ग पर स्थित रंगीला होटल के पास एक तेज रफ्तार बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार, जिला बागपत के ग्राम बावली निवासी सोनू पुत्र सतवीर और अमन पुत्र सकेंद्र माता शाकंभरी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। जब वे शाकंभरी रोड पर स्थित रंगीला होटल के समीप एक चाय की दुकान पर रुके, तभी यह हादसा हुआ।बताया जा रहा है कि कार को बैक करते समय, मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कस्बागढ़ निवासी अर्जुन पुत्र बाबूराम अपने दो अन्य साथियों के साथ तेज गति से आ रही बाइक लेकर कार से टकरा गए। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और कार दोनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि बाइक सवार अर्जुन और उसके दोनों साथियों को गंभीर चोटें नहीं आईं, हालांकि उन्हें मामूली रूप से चोटें लगी हैं। कार सवार युवक को भी चोटें बताई जा रही हैं।हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़