फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नेशनल हाईवे स्थित राधा कृष्ण चौराहे के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कस्बे से निकलते ही राधा कृष्ण मंदिर के पास बने टीन शेड के नीचे एक करीब 50 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना नजदीक होने के कारण पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक अक्सर हाईवे किनारे घूमता रहता था और मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत होता था। कई लोगों ने उसे अक्सर सड़क किनारे उल्टा लेटे हुए भी देखा था।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक मंदबुद्धि प्रतीत होता है और संभवतः असामान्य स्थिति में लेटे रहने के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली