राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी । आमजन की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण के क्षेत्र में कटनी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीएम हेल्पलाइन के प्रदर्शन के आधार पर जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में कटनी जिला प्रथम समूह के 28 जिलों में टॉप-10 में शामिल होकर आठवां स्थान अर्जित किया है।
कलेक्टर आशीष तिवारी के सतत अनुश्रवण और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते जिले ने 81.66 कुल वेटेज स्कोर हासिल करते हुए ‘ए’ ग्रेड प्राप्त किया है। यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता और शिकायतों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का परिणाम मानी जा रही है।
अग्रणी जिलों में बनाई मजबूत पहचान
कटनी जिले ने बीते फरवरी माह में प्राप्त 7,213 शिकायतों के निराकरण में बेहतर प्रदर्शन किया। कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों के निपटारे में और अधिक संवेदनशीलता और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि जिले की रैंकिंग में और सुधार हो सके।कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान ही प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करता है, इसलिए इस दिशा में निरंतर गंभीर प्रयास जरूरी हैं।
पुलिस,जिला पंचायत और नगर निगम भी ए ग्रेड में
जिले के विभिन्न विभागों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ए ग्रेड हासिल किया है—
पुलिस विभाग को अपने समूह में 12वां स्थान, 812 शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के साथ 50.69 वेटेज स्कोर एवं 82.83 कुल वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड और
जिला पंचायत को 9वां स्थान, 50.35 वेटेज संतुष्टि के साथ बंद शिकायतों का और कुल वेटेज 86.02स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड तथा नगर निगम ने 7वां स्थान प्राप्त करते हुए 589 शिकायतों का 52.67 वेटेज स्कोर के साथ संतोषजनक निराकरण किया और 91.11वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड हासिल किया है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने इन सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा की है।।