फतेहगंज पश्चिमी। ईद के मौके पर कुम्हार चौक में लगे मेले से घर लौट रहे ग्यारहवीं के छात्र को मोहल्ले के ही चार युवकों ने बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे मेडिकल के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव मुरारपुर निवासी अनस कस्बे के मोहल्ला अहमद नगर वार्ड-8 में अपने ताऊ रफी खान के घर रहकर पढ़ाई करता है। शनिवार को वह ईद के अवसर पर कुम्हार चौक में लगे मेले को देखने गया था। लौटते समय मोहल्ले के ही शाहिद, शरीफ, कासिम और राशिद ने उसे बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी।
अनस द्वारा विरोध करने पर चारों आरोपियों ने एक राय होकर उस पर हमला कर दिया और उसे लात-घूंसों से गिरा-गिराकर बुरी तरह पीटा, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को थाने ले गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली