फतेहगंज पश्चिमी। शनिवार को मथुरा में गौ तस्करी के दौरान ट्रक से कुचलकर गौ सेवक बाबा फरसा वाले की हत्या के विरोध में रविवार को स्थानीय गौ सेवक रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मथुरा के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें एएनए कट पर रोककर नजरबंद कर लिया। बाद में सभी को थाने लाकर छोड़ दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय गौ रक्षा परिषद के संगठन प्रमुख हेमंत गंगवार, जितेंद्र श्रीवास्तव, धर्मेंद्र मिश्रा और महिला जिलाध्यक्ष रामपुर अर्चना सिंह के नेतृत्व में अमन सक्सेना, गौरव श्रीवास्तव, राकेश, राज ठाकुर, पवन कुमार, विवेक मौर्य, अजय प्रजापति, मनीश ठाकुर, चमन मौर्य, सुरेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता रविवार दोपहर करीब एक बजे मथुरा के लिए रवाना हुए थे।
इसी दौरान पहले से सतर्क पुलिस ने एएनए कट पर भारी फोर्स के साथ उन्हें रोक लिया। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकते हुए नजरबंद कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक मथुरा जाने की जिद की, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे नहीं जाने दिया।
संगठन प्रमुख हेमंत गंगवार ने कहा कि गौ सेवक की हत्या बेहद निंदनीय है और जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, यहां तक कि एनकाउंटर नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद कार्यकर्ता जल्द ही मथुरा पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
वहीं थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं को एएनए कट पर रोककर थाने लाया गया था, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली