दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार की रहने वाली सुनैना देवी (36) की शुक्रवार दोपहर मायके जाते समय सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से परिवार और क्षेत्र में कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कि युगलकिशोर गुप्ता उर्फ बबलू अपनी पत्नी सुनैना को मोटरसाइकिल पर बिठाकर झारखंड के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम परती जा रहे थे। वे बड़े ससुर के निधन पर दाह संस्कार में शामिल होने के लिए खरौंधी थाना क्षेत्र के परती रवाना हुए थे। रास्ते में उंटारी थाना क्षेत्र के तुलसीदामर घाटी के समीप कुछ ग्रामीणों द्वारा महुआ बीनने के लिए सड़क पर बिछाए गए पत्थरों से मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई।
इससे पीछे बैठी सुनैना सड़क पर गिर पड़ीं और सिर में गंभीर चोट लगने से अचेत हो गईं। पति ने तत्काल बड़े भाई राजेश गुप्ता को सूचना दी। राजेश निजी वाहन से मौके पर पहुंचे और सुनैना को उंटारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल मेमो पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल गढ़वा भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से हरनाकछार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।