कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट इंडियन टीवी न्यूज़
एबीवीपी द्वारा शासकीय भवन निर्माण के लिए 2 फरवरी को SDM को सौंपा था ज्ञापन
कैमोर – क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। कैमोर में संचालित आईटीआई कॉलेज के नए भवन निर्माण के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस खबर के सामने आते ही क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार लंबे समय से कैमोर क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के लिए स्थायी भवन की मांग की जा रही थी। वर्तमान में कॉलेज निजी भवन में संचालित हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि लगभग दो महीने पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने भी इस विषय को संज्ञान में लाने के लिए आईटीआई कॉलेज के निजी भवन पहुंचकर एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा था और जल्द से जल्द कॉलेज के लिए भवन निर्माण की मांग की थी।
आईटीआई कॉलेज का भवन बनने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेंद्र पाठक के प्रति आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और आईटीआई कॉलेज भवन के लिए राशि स्वीकृत होना भी उसी का परिणाम है।